छबड़ा 14 सितंबर। माजिद राही ।।केंद्रीय विद्यालय सीटीपीपी छबड़ा में मंगलवार को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़ा 2021 का शुभारंभ कर हिंदी दिवस मनाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय सीटीपीपी छबड़ा में हिंदी दिवस मनाया गया। हिंदी दिवस समारोह के साथ ही विद्यालय में हिंदी पखवाड़ा-2021 का शुभारंभ विधि विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ सचिवालय सहायक आलोक मिश्र ने 'कार्यालयी कामकाज में हिंदी का प्रयोग' विषय पर अपने विचार व्यक्त किये। विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार मीना ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी के उत्थान हेतु हम सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करने होंगे। प्राचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों को अपने विद्यार्थी जीवन में नित नये सृजनात्मक कार्यों को अंजाम देना होगा। तभी जाकर सच्चे अर्थों में हम अपनी मातृभाषा की उन्नति में अपना अहम योगदान दे पाएंगे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी शिक्षक मुनेश मीना ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें श्याम सुन्दर ने प्रथम स्थान, देवांश जैन ने द्वितीय एवं अनुष्का गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खेल शिक्षक चंद्र प्रकाश मीना ने कार्यक्रमों के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।