रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच की बड़ी खबर ..........

Srj news
0

 

 ब्रेकिंग RAVI NIGAM 

*दिनांक- 03-03-2022, दिन: गुरुवार*



✒️ *रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी जानकारी*

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज आठवां दिन है। युद्ध के बीच एक बार फिर रूस और यूक्रेन बातचीत करेगा। दोनों देशों के बीच गुरुवार को पोलैंड-बेलारूस बार्डर पर वार्ता होगी। वहीं, इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना ने भी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को पोलैंड से भारतीय वायु सेना का तीसरा C-17 विमान हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। इस बीच मास्को ने कहा है कि यूक्रेन में उसके 498 सैनिक मारे जा चुके हैं। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक यूक्रेन में 227 मौतें हो चुकी हैं वहीं 525 लोग जख्मी हुए हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर स्पेशल फ्लाइट पोलैंड से दिल्ली पहुंची। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यूक्रेन से लौटे

✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:गलत निकला रूस का दावा, विदेश मंत्रालय ने कहा- यूक्रेन में भारतीय छात्रों को नहीं बनाया गया बंधक*

रूस और यूक्रेन की बीच युद्ध का आज आठवां दिन है। यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच रूस ने दावा किया था कि यहां कुछ भारतीय छात्रों को बंधक बनाया गया है। हालांकि, कुछ ही घंटे बाद रूस का दावा गलत निकला है। विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाए जाने की खबरों को लेकर बड़ी जानकारी दी है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने की कोई खबर नहीं है।सरकार ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने फंसे हुए नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में है। सरकार को युद्ध प्रभावित यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाए जाने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।बता दें कि बुधवार को रूसी दूतावास ने दावा किया था कि यूक्रेनी सेना ने भारतीय छात्रों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करने के लिए बंधक बना लिया गया है। रूस के दावे के बाद विदेश मंत्रालय ने स्पष्टीकरण जारी किया है। अरिंदम बागची ने बताया कि यूक्रेन के अधिकारियों के सहयोग से कई छात्र कल खारकीव से चले गए।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले: रूस के सिर्फ चार 'यार', ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी तानाशाही*

यूक्रेन और रूस के बीच आज जंग का आठवां दिन है। रूस आए दिन हमलावर होता जा रहा है। इन सब के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि रूस के सिर्फ चार दोस्त हैं। इनमें उत्तर कोरिया, इरिट्रिया, सीरिया और बेलारूस शामिल है। बता दें कि इन चारों देश ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में रूस के खिलाफ आए प्रस्ताव में रूस के पक्ष में वोट किया था। इस प्रस्ताव में यूक्रेन से रूसी सेना को निकालने की बात कही गई थी।यूक्रेन के राष्ट्रपति भी झुकने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने जनता के नाम संदेश देते हुए कहा है कि सभी घुसपैठियों को समझना चाहिए कि उनको यहां कुछ नहीं मिलेगा। रूस चाहे कितने भी सैनिक क्यों न लगा दें हम झुकने वाले नहीं हैं। हमारा दुश्मन हारकर ही जाएगा।संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव पर वोटिंग होने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक ट्वीट करते हुए कहा कि मैं रूसी संघ के इस विश्वासघाती हमले को तुरंत रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा में लाए गए पस्ताव पर अभूतपूर्व बहुमत का स्वागत करता हूं। जेलेंस्की ने आगे कहा कि मैं उन सभी का अभारी हूं, जिन्होंने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति को युद्ध अपराधी बताया है। जेलेंस्की ने भाषण खत्म होने पर मुट्ठी बांधकर यूक्रेन को बचाने के अपने अटल संकल्प का संदेश दिया। इसके बाद ईयू के सभी सांसद करीब पांच मिनट तक ताली बजाकर साहस को बढ़ाया।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:खारकीव में रूस ने बरसाए सैकड़ों बम, बच्चों समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत*

रूस और यूक्रेन के बीच आज युद्ध का आठवां दिन है। रूस की ओर से अभी भी ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पास कर रूसी सेना को यूक्रेन से बाहर जाने के लिए कहा है। इसके अलावा यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है।नेक्स्ट न्यूज के मुताबिक खारकीव में रूस की भारी बमबारी जारी है। वहां बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। यूक्रेन संकट पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश मामलों पर संसद की सलाहकार समिति में शामिल होने के लिए विदेश मंत्रालय पहुंचे। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर संसद की बैठक की समिति को जानकारी देंगे।केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि ऑपरेशन गंगा के तहत 3726 भारतीयों को आज रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से भारत वापस लाया जाएगा। इन सभी को लाने में बुखारेस्ट से 8 उड़ानें, सुसेवा से 2, कोसिसे से 1 फ्लाइट, बुडापेस्ट से 5 और रेजजो से 3 उड़ानें संचालित की जाएंगी।रूस के ताबड़तोड़ हमले के बीच यूक्रेन के 15 शहरों पर हवाई हमलों का अलर्ट जारी किया गया है। अब तक डर से 10 लाख लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:रोमानिया बोर्डर पर बिताए 16 घंटे याद कर सिहर जाती हैं नेयम, अलीगढ़ की छात्रा ने दहशत भरे माहौल की सुनाई आपबीती*

यूक्रेन में रूसी बम धमाकों और सायरन की दहलाने वाली आवाजों के बीच खुद को बचाना किसी जंग से कम नहीं था। ऐसे ही खौफनाक माहौल में अलीगढ़ की छात्रा नेयम राशिद ने भी सफर किया। माइनस आठ डिग्री सेल्सियस तापमान में नेयम 16 घंटे रोमानिया बार्डर के बाहर खड़ी रहीं। प्रवेश की अनुमति मिली तो 17 घंटे में 10 किमी का पैदल सफर किया। न खाना था, न पानी। सकुशल अलीगढ़ पहुंचीं नेयम यूक्रेन में बिताए पिछले कुछ दिनों को याद कर सिहर जाती हैं।शहर के मंजूरगढ़ी निवासी आलम राशिद की बेटी नेयम राशिद यूक्रेन के इवानो-फ्रन्कीव्स्क शहर की मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। रोमानिया से वह फ्लाइट के जरिए बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचीं। पिता आलम राशिद और मां गौसिया तरन्नुम एयरपोर्ट पर नेयम का इंतजार कर रहे थे। माता-पिता को देख नेयम उनसे लिपट गईं। बेटी की सकुशल वतन वापसी से दोनों खुश थे। खुशी के मारे आंखें नम हो गईं। और भी छात्र-छात्राएं नेयम के साथ वापस लौटे थे। बेटी को लेकर घर लौटे आलम राशिद ने बताया कि यूक्रेन में लगातार हो रही बमबारी के बीच बेटी के इवानो-फ्रन्कीव्स्क शहर में फंसे होने से पूरा परिवार दहशत में था। बेटी को सकुशल देखकर सुकून मिला है। नेयम ने बताया कि यूक्रेन में बिताए पिछले कुछ दिन दहशत भरे थे। फाइटर प्लेन उनके अपार्टमेंट के ऊपर से होकर गुजरते थे। सायरन की आवाज धड़कनें बढ़ा देती थीं। खारकीव और कीव के हालातों की खबरें न्यूज चैनलों पर देख दिल दहल जाता था। रूसी सीमा से इवानो-फ्रन्कीव्स्क शहर विपरीत पश्चिमी छोर पर होने के कारण यहां हालात नहीं बिगड़े थे। फिर भी डर लगा रहता कि कोई मिसाइल न गिर जाए। लगातार चेतावनी दी जा रही थीं।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:यूक्रेन बम धमाकों की दहशत के बीच खारकीव के बंकर से हंगरी पहुंचा अलीगढ़ का छात्र ऋत्विक, बताए हालात*

यूक्रेन के खारकीव शहर में पांच दिन बंकर में कैद रहे अलीगढ़ के छात्र ऋत्विक के चेहरे पर सात दिन बाद बुधवार को खुशी देखी गई। ऋत्विक खारकीव से निकलकर लवीव होते हुए हंगरी बोर्डर पर पहुंच गए। बस में जाते हुए ऋत्विक ने फोटो शेयर की है जिसमें वह खुश नजर आ रहे हैं। रूसी हमले में ऋत्विक बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद वह खारकीव से ट्रेन में लवीव के लिए रवाना हुए। करीब 24 घंटे के सफर के बाद ऋत्विक बुधवार दोपहर एक बजे लवीव शहर पहुंचे। यहां खाना खाने के बाद दोपहर ढाई बजे हंगरी बार्डर के लिए बस से रवाना हो गए। ऋत्विक के पिता डा. विश्वमित्रा आर्य ने बताया कि छात्रों के लिए भारत सरकार द्वारा भी बस की व्यवस्था की गई थी। लेकिन छात्र उसका इंतजार किए बगैर ही निजी बस करके हंगरी बार्डर के लिए चल दिए हैं। बस में तीस छात्र सवार हैं। रात साढ़े आठ बजे उनकी बस हंगरी बोर्डर से दो किमी पहले पहुंच गई। ऋत्विक ने बताया कि यहां से ट्रेन से हंगरी बोर्डर पर जाएंगे। वहां से दूतावास। इसके बाद बोडापोस्ट एयर पोर्ट। फ्लाइट की सुविधा के अनुसार भारत के लिए रवाना होंगे। डा. आर्य ने बताया कि बेटा अब खतरे के क्षेत्र से बाहन निकल आया है। अब राहत मिली है। पूरा परिवार परेशान हो गया था। बेटा का ट्रेन का सफर भी बड़ा मुश्किल भरा रहा। बाथरूम में बैठकर उसने सफर तया किया।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:आपरेशन गंगा के तहत कुल 3500 से अधिक भारतीयों की हुई घर वापसी, 17000 भारतीयों ने छोड़ा यूक्रेन*

रूसी हमले के बाद से यूक्रेन में हालात बिगड़ते जा रहें हैं। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बाहर निकालने के लिए भारत द्वारा एक अभियान आपरेशन गंगा चलाया जा रहा है। इसके तहत पिछले 24 घंटों में भारत के लिए छह उड़ानें रवाना हुई हैं। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस आपरेशन के तहत भारतीयों को जमीनी सीमा चौकियों के जरिए यूक्रेन से निकलने के बाद रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया से हवाई रास्ते से स्वदेश लाया जा रहा है। बता दें कि अब तक कुल 3500 से अधिक नागरिकों को वापस लाया जा चुका है। हालांकि एडवाइजरी जारी होने के बाद से 17000 भारतीयों ने यूक्रेन की धरती छोड़ दी है। सरकार द्वारा मिली जानकारी के अनुसार विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद से कुल 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं। बता दें कि अब तक 3500 से अधिक भारतीयों को यूक्रेन से वापस भारत लाया जा चुका है और अब केवल 3000 के करीब छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उधर सरकार का कहना है कि उसने 1 से 3 मार्च तक 26 फ्लाईट चलाने की योजना बनाई हुई है जिसके तहत कुल 5500 भारतीयों को स्वदेश वापस लाया जाएगा।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:सकुशल वापसी, तिरंगा बना ढाल; मां बोलीं-मोदी हैं तो मुमकिन है*

दहशत के बीच दिन कट रहे थे, तभी वतन वापसी के लिए निकल पड़े। रास्ते में डर लगा, लेकिन तिरंगा झंडा ढाल बन गया। रूसी सैनिकों ने झंडा देख सम्मान के साथ उन्हें और साथियों को सीमा तक जाने दिया। यह कहना है, बुधवार को यूक्रेन से लौटे बांदा के 22 वर्षीय आलोक चंद्र का। उनकी मां माया देवी बेटे को देख खुशी से बोल पड़ीं-मोदी हैं तो मुमकिन है। बांदा के ग्राम रामप्रसाद कोटेदार का डेरा निवासी जयरूप निषाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय समगरा में सहायक अध्यापक हैं। उनका बेटा आलोक यूक्रेन के शहर इवानो में वर्ष 2019 में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गया था।आलोक के मुताबिक, 26 फरवरी की सुबह निजी बस से रोमानिया सीमा पर पहुंचे। इस दौरान भारतीय दूतावास के अधिकारी लगातार संपर्क में रहे। सरकार ने अपने खर्च पर घर तक पहुंचाया है। औरैया के नवीन बस्ती निवासी मुकेश यादव की पुत्री मेडिकल छात्र अदिति यादव बुधवार को घर लौट आईं। उन्होंने बताया, यूक्रेनी सैनिक गोलीबारी के बीच भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सीमा पर चार लोग निकल पाते तो 40 परेशान होते। चिंता सता रही थी कि कुछ गड़बड़ न हो जाए, लेकिन ईश्वर और सरकार ने साथ दिया। बसों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगा होने से रूसी सैनिकों ने उन्हें कहीं नहीं रोका। जिले के चार छात्र अभी फंसे हुए हैं। कन्नौज के रामगंज निवासी छात्र आयुष पाल ने बताया कि पोलैंड में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने 500 छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने सबकी मदद की बात कही। उन्होंने सभी छात्र-छात्रओं के हालचाल लिए हैं।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध : कच्चा तेल 110 डॉलर पार, अगले सप्ताह से नौ रुपये लीटर तक महंगा होगा पेट्रोल-डीजल*

रूस-यूक्रेन संकट की वजह से कच्चे तेल की कीमतें पांच डॉलर प्रति बैरल बढ़कर 110 डॉलर पार पहुंच गईं। पिछले सप्ताह से कच्चे तेल के बढ़ रहे दाम का असर दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं से लेकर शेयर बाजारों और उद्योगों पर दिखने लगा है। पहले से ही महंगाई की मार से बेहाल आम आदमी की जेब आगे और ढीली होने वाली है। देश में अगले सप्ताह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।रूस-यूक्रेन संकट के कारण क्रूड की आपूर्ति में कोई कमी न हो, इसके लिए अमेरिका समेत अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सभी 31 सदस्य देशों में अपने रणनीतिक भंडारों से 6 करोड़ बैरल तेल जारी करने पर सहमति बनी। इसके बावजूद बुधवार को अमेरिकी मानक कच्चे तेल का दाम 5.24 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर 108.60 डॉलर पहुंच गया। ब्रेंट क्रूड 5.43 डॉलर बढ़कर 110.40 डॉलर पहुंच गया, जबकि घरेलू बाजार में 118 दिनों से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं। ब्रोकरेज कंपनी जेपी मॉर्गन ने कहा, पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के अगले सप्ताह खत्म होने के साथ ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने लगेंगे। सामान्य मार्जिन के लिए तेल कंपनियां 9 रुपये प्रति लीटर या 10% तक दाम बढ़ा सकती हैं।


✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:तबाही के मंजर से निकले तो चेहरी पर लौटी रौनक, लहराया तिरंगा*

यूक्रेन में मिसाइल व बम धमाकों की आवाजें। पांच दिन तक बंकर में बंद रहना। खाना नहीं मिलने पर बिस्कुट और पानी से भूख मिटाने के बाद अलीगढ़ के छात्र-छात्राओं पर रौनक लैाट आई। यूक्रेन के खारकीव और कीव जैसे शहरों में दहशत भरे माहौल से निकलकर मेडीकल विद्यार्थी हंगरी बार्डर पर पहुंचे।अलीगढ़ के कुल 49 छात्र-छात्राएं यूक्रेन के अलग-अलग शहरों से मेडीकल की पढ़ाई करने गए हुए थे। रूस-यूक्रेन में युद्ध छिड़ जाने के बाद वहां रहे रहे भारतीय विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भी टेंशन बढ़ गई थी। सबसे ज्यादा खतरे के माहौल में स्वर्ण जयंती नगर निवासी सार्थक उपाध्याय व सारसौल निवासी ऋत्विक वार्ष्णेय थे। जो खारकीव व कीव में फंस गए थे। इन दोनों छात्रों ने बंकर में रहकर जान बचाई थी। मंगलवार को अपने रिस्क पर दोनों छात्रों ने काफी जहदोजहद के बाद हजारों किमी. का सफर अपने रिस्क पर पूरा किया और हंगरी बार्डर पर पहुंचने में कामयाब रहे। हंगरी बार्डर जाने वाली बस में अलीगढ़ समेत अन्य भारतीय छात्रों ने तिरंगा झंडा फैलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।


✒️ *कोरोना एलर्ट: भारत में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 77,152 हुई, बीते 24 घंटे में 6561 नए संक्रमित मिले*

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। गुरुवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में 6561 नए संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या घटकर 77,152 हो गई है। इस तरह सक्रिय केस 0.20 फीसदी रह गए हैं। विगत 24 घंटे में 142 लोगों ने कोरोना के चलते दम तोड़ा। इसके साथ ही देश में अब तक कुल 5,14,246 मौतें हो चुकी हैं। देश में कोविड मृत्यु दर अब 1.20 फीसदी हो गई है। कोविड रिकवरी रेट भी और सुधरकर अब 98.60 फीसदी हो गई है। पिछले 24 घंटे में 14,947 लोग महामारी से उबर गए। बुधवार को कुल 8,82,953 लोगों की जांच की गई। इनमें से 6,561 संक्रमित मिले।


✒️ *हरे निशान पर खुला शेयर बाजार, सेंसेंक्स 300 अंक ऊपर, निफ्टी 1670 के करीब*

सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत हुई। बाजार खुलने के साथ ही दोनों इंडेक्स ने हरे निशान पर कारोबार शुरू किया। फिलहाल, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 297 अंक की बढ़त के साथ 55,766 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक भी 55 अंकों की तेजी लेते हुए 16671 पर कारोबार कर रहा है। गौरतलब है कि सप्ताह के बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर खुला और दिनभर के कारोबार के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 778 अंक टूटकर 55,469 के स्तर पर, जबकि निफ्टी सूचकांक 188 अंक फिसलकर 16,606 के स्तर पर बंद हुआ था।


✒️ *उत्तर प्रदेश के 12 निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की मान्यता रद्द, 880 सीटें बीएएमएस की हुईं कम*

उत्तर प्रदेश में 12 निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की मान्यता रद्द कर दी गई है। इससे प्रदेश में बीएएमएस की 880 सीटें कम हो गई हैं।केंद्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सा परिषद की जांच में 27 आयुर्वेदिक कॉलेज मानक के अनुरूप नहीं पाए गए हैं। इनमें से 12 यूपी के हैं, जिनकी मान्यता रद्द करते हुए सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदेश में आठ सरकारी कॉलेजों में बीएएमएस की 60-60 सीटें हैं। जबकि 57 निजी कॉलेजों में लगभग 5000 सीटें हैं। आयुर्वेद विभाग के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि जिन कॉलेजों की मान्यता रद्द की गई हैं, उन्हें दाखिले के लिए बृहस्पतिवार से होने वाली काउंसिलिंग से बाहर कर दिया गया है।जिन कॉलेजों की मान्यता रद्द की गई है वो निम्न है,मिर्जापुर का अपेक्स, बिजनौर का भगवंत, हाथरस का प्रेम रघु, बलिया का शांति, आगरा का केवी व एमडी, फर्रुखाबाद का डॉ. अनार सिंह, अलीगढ़ का शहीद नरेंद्र, गाजीपुर का एसएनएसके, वाराणसी का श्रीकृष्ण और शिकोहाबाद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज है


✒️ *प्रशासन का चला डंडा,लगाया जुर्माना:अलीगढ़ में 28 मिलावटखोरों पर 5.56 लाख का जुर्माना*

अलीगढ़ में खाद्य पदार्थों में मिलावट कम होने का नाम नहीं ले रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाइयों का भी लोगों पर कोई डर नहीं है। अब एडीएम सिटी न्यायालय कोर्ट से मिलावट रोकने के लिए जिले के 28 मिलावटखोरों पर 5.56 लाख का जुर्माना लगाया गया है। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल के न्यायालय से जारी आदेश के मुताबिक इगलास के मोहल्ला सत्य नगर के अरुण कुमार पर 15 हजार, घुड़ियाबाग के अमर बंसल पर 20 हजार, ताला नगरी के मैसर्स क्वालिटी ट्रेडर्स पर 50 हजार, मैरिस रोड के हरिओम नगर निवसी चारुल, सेंटर प्वाइंट स्थित राजीव कुमार जलाली पर 50 हजार, बांकनेर के गोपाल सिंह पर 11 हजार, तारापुर निवासी नौनिहाल सिंह पर 12 हजार, जयगंज निवासी मुनेस कुमार पर आठ हजार, नगला मसानी भूदेव प्रसाद शर्मा पर 25 हजार, संजय गांधी कालोनी निवासी ब्रह्म देव पर दो मामलों में 11 व 12 हजार, जीवीएम माल रामघाट रोड निवासी अजय सिंह पर 40 हजार, जीवीएम माल फर्म बीकानेर वाला पर सात हजार, जयगंज निवासी चंद्रशेखर पर छह हजार, चंडौस निवासी ओम गुप्ता पर 15 हजार, बरेली के शाहजहांपुर रोड निवासी अंबे शक्ति फूड्स पर 80 हजार, पिसावा निवासी श्री राधारानी ट्रैटर्स पर 50 हजार, संजय गांधी कालोनी निवासी जगदीश कुमार पर 15 हजार, जवां निवासी चंद्रवीर सिंह पर छह हजार, हाथरस रोड इगलास निवासी मोर मुकुट पर आठ हजार, अतरौली के नरौली आकापुर निवासी किशन सिंह पर 12 हजार, दोदपुर गरीब मंजिल निवासी फैजान माजिद पर छह हजार, गुरुद्वार रोड घनश्यामपुरी निवासी किशन कुमार पर आठ हजार, इगलास के पडीस निवासी भूरा पर आठ हजार, टप्पल के तकीपुर निवासी नरेंद्र चौधरी पर 15 हजार, अतरौली के भोलागढ़ निवासी धर्मपाल पर छह हजार व भोला नगर रामघाट रोड निवासी वेदवटी फूड पर 25 हजार का जुर्माना लगा है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)

ads banner